बांसवाड़ा में एलैय्या तालाब की अवैध खुदाई पर शिकायत.
बांसवाड़ा प्रतिनिधी विश्वंभर कुलकर्णी :- बांसवाड़ा नगरपालिका क्षेत्र के बीआरएस, भाजपा और निर्दलीय दलों के सात पार्षदों ने एलैय्या तालाब में चल रही कथित अवैध मिट्टी खुदाई के खिलाफ शनिवार को जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा। पार्षदों ने बताया कि इससे पहले आरडीओ और सिंचाई विभाग को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रतिदिन लगभग 100 ट्रैक्टर, 30 से 40 टिपर और 6 जेसीबी मशीनों के माध्यम से तालाब की मिट्टी निकाली जा रही है। पार्षदों का कहना है कि इस तरह लगातार खुदाई होने से भविष्य में तालाब में मछली पालन की संभावना समाप्त हो जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि तालाब की मिट्टी किसानों को देने के बजाय ईंट भट्टों और प्लॉट कारोबारियों को बेची जा रही है। आरोप है कि एक टिपर मिट्टी ₹2500 और एक ट्रैक्टर मिट्टी ₹800 में बेची जा रही है।
पार्षदों ने अधिकारियों के रवैये पर भी सवाल उठाए। शिकायत पत्र में कहा गया कि आरडीओ ने कुछ ठेकेदारों को विशेष रूप से बुलाकर केवल किसानों के खेतों तक मिट्टी ले जाने के लिए दर तय करने का सुझाव दिया था।
पार्षदों का आरोप है कि खुदाई के लिए सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक की अनुमति होने के बावजूद रात 2 बजे तक अवैध रूप से मिट्टी निकासी जारी है। उन्होंने कहा कि कई बार आरडीओ और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पार्षद नसरीन, अंजूम, आमनी, मानस, अंजा गौड़ और मकबूल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने तत्काल अवैध खुदाई रोकने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

