बालकोंडा में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई कोजागरी पूर्णिमा.

निजामाबाद (आर्मूर) प्रतिनिधि : तेलंगाना के निजामाबाद जिले के बालकोंडा विधानसभा क्षेत्र के केंद्र में रविवार रात कोजागरी पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने तांबे के पात्र में दूध के माध्यम से चंद्र दर्शन किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

 

पूजा के दौरान पुजारी श्री श्री श्री दुर्गा प्रसाद शर्मा ने श्रद्धालुओं को कोजागरी पूर्णिमा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आश्विन मास की शरद पूर्णिमा का हिंदू परंपरा में विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन चंद्र दर्शन और पूजा-अर्चना करने से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक संतोष प्राप्त होता है।

कार्यक्रम का नेतृत्व करने वाले नल्लूरी हरिकृष्ण ने बताया कि उनके पूर्वजों की परंपरा के अनुसार पिछले 108 वर्षों से कोजागरी पूर्णिमा पर शास्त्रोक्त विधि से पूजा आयोजित की जा रही है। इसी परंपरा के तहत रविवार रात 9 से 10 बजे तक श्रद्धालुओं को तांबे के पात्र में चंद्र दर्शन कराए गए।

 

 

इस धार्मिक आयोजन में नल्लूरी कल्याण कृष्ण जोशी, सुदीप जोशी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न हुई।