सड़क हादसे में डांस मास्टर अनिल की मौत.
गांधीनगर क्रॉसिंग पर आरटीसी बस से टकराई बाइक
बांसवाड़ा प्रतिनिधी विश्वंभर कुलकर्णी:-
बांसवाड़ा के प्रसिद्ध नृत्य कलाकार, नटराज नाट्यमंडली के संचालक एवं डांस मास्टर अन्नम अनिल (34) की मंगलवार सुबह निजामाबाद शहर के बाहरी क्षेत्र गांधीनगर के पास हुए सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनिल मंगलवार सुबह बाइक से बांसवाड़ा से निजामाबाद जा रहे थे। इसी दौरान निजामाबाद से बांसवाड़ा की ओर आ रही बांसवाड़ा डिपो की आरटीसी बस गांधीनगर क्रॉसिंग के पास पहुंची। उसी समय अनिल की बाइक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर बस से जा टकराई।

हादसे में अनिल को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही बांसवाड़ा डिपो के प्रबंधक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। निजामाबाद ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनिल के निधन से बांसवाड़ा क्षेत्र के कला एवं सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
