मानसून से पहले बासर में विशेष स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों से सहयोग की अपील.
बासर प्रतिनिधि अनंतोजी आकाश :- आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए बासर ग्राम पंचायत द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सरपंच वेंकटेश गौड़ के निर्देश पर पंचायत ईओ प्रसाद गौड़ और उपसरपंच सैयद अली ने रविंद्रपुर एवं शारदा नगर कॉलोनियों में स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया।
इस अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों ने नालियों में जमा कचरा और गाद को हटाया तथा सड़कों पर फैले कचरे की सफाई की। बारिश के मौसम में जलभराव और बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से पंचायत द्वारा यह विशेष पहल की गई।
इस अवसर पर सरपंच वेंकटेश गौड़ ने ग्रामीणों से पंचायत के स्वच्छता कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके प्रतिदिन आने वाली पंचायत कचरा संग्रहण गाड़ी में ही डालें।
पंचायत अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ गांव के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है तथा मानसून के दौरान स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
