मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर जीएचएमसी आयुक्त ने चुनाव अधिकारियों को किया जागरूक.
हैदराबाद प्रतिनिधी :- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने बुधवार को जीएचएमसी मुख्यालय के सातवें तल स्थित सभागार में निर्वाचन अधिकारियों की समीक्षा एवं जागरूकता बैठक आयोजित की। बैठक में 15 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), 93 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), 15 जिला प्रशिक्षक (डीटी) तथा 406 बीएलओ पर्यवेक्षक शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं तक गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म-ईएफ) का समयबद्ध वितरण एवं संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मतदाताओं द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन कर उसे बीएलओ ऐप के माध्यम से सही तरीके से अपलोड करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता और शत-प्रतिशत मतदाता कवरेज सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए) के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) की जानकारी देते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आर.वी. कर्णन ने बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश (डूज़ एंड डोन्ट्स) भी समझाए। उन्होंने निष्पक्षता, पेशेवर कार्यशैली, डेटा प्रविष्टि में शुद्धता, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन तथा सभी जिम्मेदारियों को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
