हैदराबाद में अवैध चॉकलेट फैक्ट्री पर छापा, भारी मात्रा में उत्पाद और एक्सपायर्ड सामग्री जब्त.

हैदराबाद में अवैध चॉकलेट फैक्ट्री पर छापा, भारी मात्रा में उत्पाद और एक्सपायर्ड सामग्री जब्त.

हैदराबाद प्रतिनिधी: हैदराबाद सिटी की एच-फास्ट (H-FAST) टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग और हबीबनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीतारामबाग, ओल्ड मल्लेपल्ली स्थित एक चॉकलेट निर्माण इकाई पर छापा मारा। इस दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर चॉकलेट उत्पादों का निर्माण, रीपैकिंग और विपणन किए जाने के आरोप में फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार किया गया।

 

 

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई चॉकलेट उत्पादों पर निर्माण तिथि, बैच नंबर, एक्सपायरी डेट और “बेस्ट बिफोर” जैसी अनिवार्य जानकारी अंकित नहीं थी। जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में एक्सपायर्ड फ्लेवर, एसेंस, रंग और अन्य खाद्य सामग्री का भंडारण किया गया था तथा इनके उपयोग की आशंका भी जताई गई।

 

 

अधिकारियों ने फैक्ट्री में कई अन्य अनियमितताएं भी पाईं, जिनमें उत्पाद पैकेजिंग पर पुराने एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस विवरण का उपयोग, कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) रिकॉर्ड का अभाव तथा खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्रों की अनुपस्थिति शामिल है।

जब्त की गई सामग्री

कैरेमल चॉकलेट – 20 बॉक्स (200 किलोग्राम)

चोको बॉल्स – 2 कार्टन (20 किलोग्राम)

चॉकलेट स्टिक्स – 3 कार्टन

मार्शमैलो एवं जुजुबी – 40 बॉक्स

क्रैनबेरी चॉकलेट – 32 पीस

पान चॉकलेट – 22 पीस

काजू चॉकलेट – 18 पीस

4 पैनिंग मशीनें

2 चॉकलेट मेल्टिंग मशीनें

बड़ी मात्रा में संदिग्ध एक्सपायर्ड फ्लेवर, एसेंस, रंग और अन्य खाद्य एडिटिव्स जब्त सामग्री और आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए हबीबनगर पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने क्राइम नंबर 145/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 275 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

यह संयुक्त अभियान हैदराबाद टास्क फोर्स के पुलिस उपायुक्त (DCP) के निर्देशन में एच-फास्ट टीम, हबीबनगर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा संचालित किया गया।