सड़क हादसे में बिजली विभाग के कर्मचारी की मौत, हेलमेट न पहनना पड़ा भारी.
अनंतपुर प्रतिनिधी :- आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के पामिडी मंडल के गजरामपल्ली गांव निवासी एवं बिजली विभाग के कर्मचारी स्वर्गीय बी. नागेश के बड़े पुत्र बी. नरेंद्र (30) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। परिवार लंबे समय से पामिडी में रह रहा है।
हाल ही में बी. नरेंद्र का तबादला गुत्ती से सत्यसाई जिले के पुट्टपर्थी हुआ था। शनिवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद रविवार की छुट्टी होने के कारण वह रात करीब 9 बजे अपने परिवार से मिलने पामिडी जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क से दूर जा गिरे। हेलमेट नहीं पहनने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े नरेंद्र को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, परिजनों को घटना की जानकारी दी और अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पामिडी सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
