हैदराबाद में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन, मानव तस्करी और साइबर अपराधों पर दी गई जानकारी.
हैदराबाद प्रतिनिधी : राज्यव्यापी महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत हैदराबाद पुलिस आयुक्तालय की महिला एवं बाल सुरक्षा शाखा (Women & Child Safety Wing) तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) के तत्वावधान में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यह अभियान राज्य सरकार के “पीपुल्स गवर्नेंस – प्रोग्रेस प्लान” (99 दिवसीय अभियान) के अंतर्गत चलाया जा रहा है। कार्यक्रमों का आयोजन महिला एवं बाल सुरक्षा शाखा के डीसीपी तथा एएचटीयू एवं जेबी यूनिट के एसीपी के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम बोराबांडा बस्ती, रहमत नगर, उस्मानिया जनरल अस्पताल और चौमहल्ला पैलेस क्षेत्रों में आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों को लैंगिक संवेदनशीलता (Gender Sensitivity), बाल सुरक्षा, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाली विभिन्न प्रकार की हिंसा के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराधों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी। साथ ही मानव तस्करी (Human Trafficking) के खतरों और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी बिना किसी डर के पुलिस को दें। इस अवसर पर विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
पुलिस आपातकालीन सेवा: 100 / 112
साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 1930
चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
महिला एवं बाल सुरक्षा शाखा के अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
