महेश्वरम गुरुकुल के चमकते हीरे, इंटर में शानदार प्रदर्शन.

 

महेश्वरम प्रतिनिधी:- इंटरमीडिएट के घोषित नतीजों में महेश्वरम सोशल वेलफेयर गुरुकुल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

 

 

प्रथम वर्ष में कुल 77 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 94.8% छात्र सफल रहे। MPC समूह में टी. शालिनी ने 458 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि एस. तेजश्री 456 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। BPC समूह में वी. मैत्री ने 437 और एन. मधुप्रिया ने 435 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

 

 

वहीं द्वितीय वर्ष में 75 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और सभी ने सफलता प्राप्त करते हुए 100% पास प्रतिशत दर्ज किया। MPC में जी. कीर्तना ने 951 अंक और एन. काव्या ने 948 अंक प्राप्त किए। BPC में आर. अर्चना ने 957 अंक और बी. दिव्या ने 929 अंक हासिल कर टॉपर के रूप में स्थान बनाया।

 

 

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्री लक्ष्मी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।