तिलहन अभियान के साथ एकीकृत वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन पर निःशुल्क प्रशिक्षण संपन्न.

तिलहन अभियान के साथ एकीकृत वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन पर निःशुल्क प्रशिक्षण संपन्न.

हैदराबाद प्रतिनिधी :-  राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम संस्थान (निम्समे), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा तिलहन अभियान के साथ एकीकृत वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन विषय पर 14 से 21 जुलाई 2026 तक निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय मधुमक्खी बोर्ड, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन एवं शहद मिशन (NBHM) के अंतर्गत प्रायोजित था। प्रशिक्षण में किसानों, महिलाओं, शिक्षित बेरोजगार युवाओं तथा मधुमक्खी पालकों सहित 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन की आधुनिक तकनीकों, उपयुक्त मधुमक्खी प्रजातियों, तिलहन फसलों में परागण के महत्व, शहद एवं अन्य मधुमक्खी उत्पादों के उत्पादन, खाद्य तेल उत्पादन में मधुमक्खियों की भूमिका तथा वर्ष 2030 तक खाद्य तेल उत्पादन बढ़ाने के राष्ट्रीय लक्ष्य पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को मधुमक्खी कॉलोनियों के रख-रखाव, नई रानी मधुमक्खी तैयार करने, शहद, मोम, प्रोपोलिस एवं पराग जैसे उत्पादों से अतिरिक्त आय अर्जित करने के तरीकों का भी प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को मुलुगु स्थित फॉरेस्ट कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का एक्सपोजर विजिट भी कराया गया।

समापन सत्र में कार्यक्रम निदेशक वी.बी.आर. प्रसाद ने मधुमक्खी पालन को स्वरोजगार एवं उद्यमिता का प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिक लाभ प्राप्त करने के उपायों पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण का संचालन डॉ. श्रीकांत शर्मा के निर्देशन में किया गया, जबकि डॉ. शिरीष कुलकर्णी, मास्टर ट्रेनर विकास क्षीरसागर तथा मधुमक्खी पालक बी. पृथ्वीराज ने विभिन्न तकनीकी सत्रों का संचालन किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।